काशी की पावन गलियों में कभी भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खान साहब की शहनाई की महफीलें सजा करती थीं, लेकिन आजकल वहां केवल सियासत का बेसुरा लाउडस्पीकर बज रहा है। मामला यह है कि वाराणसी में उस्ताद के पुराने मकान का एक हिस्सा क्या ढहाया गया, उत्तर प्रदेश की राजनीति में सुर और ताल सब गड्डमड्ड हो गए। हमारे अपने अखिलेश भैया, जो आजकल हर गिरती हुई ईंट में बीजेपी का ‘बुलडोजर मॉडल’ ढूंढ लेते हैं, बिना देर किए तुरंत सियासी अखाड़े में कूद पड़े। उन्होंने एक्स (ट्विटर) पर रियाज किया और बीजेपी सरकार के खिलाफ ‘गंगा-जमुनी तहजीब के कत्ल’ का राग छेड़ दिया।
अखिलेश का बुलडोजर-फोबिया और ट्विटर पर आलाप
अखिलेश जी का दर्द भी अपनी जगह जायज है। जब से राज्य में बुलडोजर संस्कृति का विकास हुआ है, उन्हें तो लगता है कि अगर किसी के घर की पपड़ी भी उखड़ जाए, तो उसके पीछे यकीनन बाबा जी का पीला पंजा ही होगा। अखिलेश जी ने बिना तफ्तीश किए तुरंत आरोप जड़ दिया कि बीजेपी को न तो भारत रत्न की परवाह है और न ही देश की सांस्कृतिक विरासत की। अखिलेश भैया के मुताबिक, रात के अंधेरे में सरकारी बुलडोजर उस्ताद के सुरों को रौंदने निकला था। लेकिन ठहरिए, इस सियासी ड्रामे में ट्विस्ट आना अभी बाकी था!
प्रशासन की सफाई: “अरे भैया, ये हमारा नहीं, घर वालों का रियाज है!”
जैसे ही अखिलेश जी का बेसुरा बयान हवा में तैरा, स्थानीय प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। अधिकारियों ने आनन-फानन में माइक संभाला और कसम खाते हुए बोले—”माई-बाप, इस बार बुलडोजर हमारा नहीं था!” प्रशासन ने सफाई दी कि घर का वह हिस्सा किसी सरकारी कार्रवाई में नहीं, बल्कि उस्ताद के परिवार वालों ने खुद ही आपसी सहमति से नया निर्माण कराने के लिए गिराया है। यानी जिस बुलडोजर पर अखिलेश जी अपनी सियासत की तान छेड़ रहे थे, उसकी चाबी तो परिवार के पास ही निकली। अब बताइए, अखिलेश भैया का सुर तो पहली ही तान पर ‘बेसुरा’ हो गया!
काक-वाणी का ज्ञान: राजनीति का नया राग-बेसुरा
काक-वाणी का स्पष्ट मानना है कि हमारे देश में अब किसी इमारत को गिराने के लिए बुलडोजर की भी जरूरत नहीं है, नेताओं के आधे-अधूरे बयान ही काफी हैं। बिस्मिल्लाह खान साहब अगर आज जिंदा होते, तो अपनी शहनाई उठाकर यही गाते—”ना काहू से दोस्ती, ना काहू से बैर, पर इस बेतुकी राजनीति से बचाए रखे खैर!” काक-वाणी की अखिलेश जी को मुफ्त सलाह है कि अगली बार किसी ईंट के गिरने पर ट्वीट की शहनाई बजाने से पहले, जरा मिस्त्री से पूछ लिया करें कि हथौड़ा सरकारी था या पारिवारिक!
संदर्भ मुख्य समाचार: यहाँ देखें