व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी का ‘परम सत्य’: यूनेस्को से नासा तक के ज्ञान का सच!

यदि आप रोजाना सुबह उठकर बिना किसी मेहनत के दुनिया के महानतम वैज्ञानिक, इतिहासकार और डॉक्टर बनना चाहते हैं, तो आपका स्वागत है व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी में! यहाँ हार्वर्ड और ऑक्सफोर्ड जैसे संस्थान भी घुटने टेक देते हैं। यहाँ सुबह-सुबह ‘गुड मॉर्निंग’ के फूलों वाले फोटो के साथ एक ऐसा ‘परम ज्ञान’ मुफ्त में मिलता है, जो आज तक दुनिया की किसी किताब में नहीं छपा।

जब नासा और यूनेस्को भी हैरान रह गए!

व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी के सबसे होनहार प्रोफ़ेसर अक्सर नासा (NASA) और यूनेस्को (UNESCO) के नाम पर अपनी रिसर्च बांटते हैं। आपने भी अपने पारिवारिक ग्रुप में यह मैसेज जरूर पढ़ा होगा कि यूनेस्को ने हमारे राष्ट्रगान को “दुनिया का सबसे बेहतरीन राष्ट्रगान” घोषित किया है। या फिर, नासा की सेटेलाइट ने रात में भारत की दिवाली का ऐसा फोटो लिया है कि पूरा देश अंतरिक्ष से जगमगाता दिख रहा है! बेचारी यूनेस्को और नासा वाले आज तक अपनी वेबसाइट पर ढूंढ रहे हैं कि उन्होंने यह तमगा कब और किसको बांट दिया?

इलाज ऐसा कि डॉक्टर भी अपनी डिग्री फाड़ लें

इस विश्वविद्यालय की मेडिकल फैकल्टी तो और भी चमत्कारिक है। यहाँ कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का इलाज भी चुटकी बजाते ही मिल जाता है। “सुबह-सुबह गर्म पानी में नीबू निचोड़कर पी लो, कैंसर की कोशिकाएं डरकर भाग जाएंगी।” दिल का दौरा पड़ रहा हो? “बस जोर-जोर से खांसना शुरू कर दो, बायपास सर्जरी की जरूरत ही नहीं पड़ेगी!” जब कोई मरीज यह ज्ञान लेकर किसी असली डॉक्टर के पास जाता है, तो डॉक्टर सोच में पड़ जाता है कि उसने एमबीबीएस करने में अपनी जिंदगी के 5 साल क्यों बर्बाद किए!

सच्चाई और फैक्ट-चेक: फॉरवर्ड बटन का मायाजाल

अब बात करते हैं इस ज्ञान की कड़वी सच्चाई की। इस यूनिवर्सिटी का पहला और आखिरी नियम है: “सोचो मत, समझो मत, बस 10 लोगों को तुरंत फॉरवर्ड करो!”। सच यह है कि इन वायरल मैसेजेस में 99% बातें मनगढ़ंत, अफवाह और फोटोशॉप का कमाल होती हैं। किसी पुरानी घटना की तस्वीर को नया बताकर फैला देना यहाँ के छात्रों का पसंदीदा टाइमपास है।

‘काक-वाणी’ की साफ सलाह है: ज्ञान बांटना अच्छी बात है, लेकिन व्हाट्सएप के फॉरवर्डेड मैसेज को सच मानने से पहले अपने दिमाग का एंटीवायरस जरूर ऑन कर लें। वरना अगली बार आप भी किसी महफिल में यह कहते पाए जाएंगे कि “कौवे के कांव-कांव करने से 5G वाई-फाई की स्पीड बढ़ती है… यह बात नासा के वैज्ञानिकों ने खुद साबित की है!”

कागा जी