व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी का नया फरमान: नींबू घिसने से 5G बनेगा 10G!

सुबह के छह बजते ही जब साधारण इंसान चाय की चुस्की लेता है, ठीक उसी समय व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी के ‘परम ज्ञानी’ प्रोफेसर अपने डिजिटल लैब में नए-नए शोध अंजाम दे रहे होते हैं। इनके पास दुनिया की हर बीमारी का इलाज, नासा का गुप्त डेटा और यूनेस्को का सीधा संपर्क नंबर मौजूद है। अगर इनके दावों की मानें, तो दुनिया की आधी से ज्यादा महान वैज्ञानिक खोजें तो हमारे मोहल्ले के ‘अंकल जी’ के व्हाट्सएप ग्रुप में ही पूरी हो चुकी हैं!

यूनेस्को का ताजा फरमान और नासा की परेशानी

हाल ही में हमारे ‘फॉरवर्डेड एज़ रिसीव्ड’ एक्सपर्ट्स ने यह क्रांतिकारी दावा खोज निकाला है कि यूनेस्को ने भारत के राष्ट्रीय गान के बाद अब हमारे देश के ‘समोसे’ को दुनिया का सबसे बेहतरीन स्नैक घोषित कर दिया है। यही नहीं, नासा के वैज्ञानिकों ने अंतरिक्ष में एक नया ग्रह खोजा है, जहाँ से 24 घंटे ‘ॐ’ की ध्वनि आ रही है और वहां पानी की जगह तुलसी का काढ़ा बह रहा है। जब ‘काक-वाणी’ की टीम ने इसका फैक्ट चेक किया, तो पता चला कि नासा के वैज्ञानिक अंतरिक्ष की जगह अपने कंप्यूटर पर ये वायरल मैसेजेस देखकर अपना सिर फोड़ रहे हैं!

10 लोगों को भेजो, वरना किस्मत हो जाएगी लॉक!

व्हाट्सएप ज्ञानियों की दूसरी सबसे बड़ी खोज है—‘डिजिटल टोना-टोटका’। “अगर आपने यह मैसेज तुरंत 10 ग्रुप में नहीं भेजा, तो आज रात आपके फोन की बैटरी फट जाएगी और आपकी बिल्ली रूठ जाएगी!” अरे भाइयों, थोड़ा तो रहम करो! इस लॉजिक से तो बिल गेट्स भी दिन भर व्हाट्सएप पर मैसेज फॉरवर्ड ही कर रहे होते। अगर मैसेज भेजने से सच में 249 रुपये का रिचार्ज फ्री मिलता, तो देश की कोई भी टेलीकॉम कंपनी अब तक नीलाम हो चुकी होती।

वायरल दावों की कड़वी सच्चाई

सच तो यह है दोस्तों कि व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी की इस ‘फर्जी ज्ञान फैक्ट्री’ में हर बकवास को सच का चोला पहनाकर परोसा जाता है। हल्दी-अदरक से कैंसर ठीक करने से लेकर मोबाइल पर नींबू घिसकर इंटरनेट स्पीड बढ़ाने तक, यहाँ सब मुमकिन है। इसलिए अगली बार जब आपके पास ‘गुप्त सूत्रों’ के हवाले से कोई खबर आए, तो अपनी खोपड़ी का इस्तेमाल करें, फॉरवर्ड बटन का नहीं। याद रखिए, ज्ञान बांटने से बढ़ता है, लेकिन व्हाट्सएप का कूड़ा बांटने से सिर्फ आपकी इज्जत घटती है!

कागा जी