हमारे देश की राजनीति में अगर कोई मुद्दा एक्सपायरी डेट पार करने के बाद भी सबसे ज्यादा स्वाद देता है, तो वह है सोनिया गांधी का ‘अपनापन’! न्यूज चैनलों को जब बेरोजगारी और महंगाई पर बहस करने में आलस आता है, तो वे झट से एक महान प्रश्न टीवी स्क्रीन पर चमका देते हैं—”सोनिया जी भारत की अपनी हैं या पराई?” अब इस गहन, दार्शनिक और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े ‘महा-मुद्दे’ पर एक बार फिर राष्ट्रीय बहस का ढोल पीटा जा रहा है।
अपनापन मापने का ‘थर्मामीटर’
वाह! क्या टाइमलेस टॉपिक है! आधी सदी बीत गई, एक पूरी पीढ़ी जवान होकर बूढ़ी हो गई, लेकिन हमारे देश के राजनीतिक वैज्ञानिकों का ‘अपनापन थर्मामीटर’ आज भी वहीं अटका हुआ है। सत्ता पक्ष के प्रवक्ता आज भी सुबह की चाय के साथ यह याद दिलाना नहीं भूलते कि कैसे दशकों पहले कोई इटली से आया था। वहीं दूसरी तरफ, कांग्रेस के वफादार सिपाही आज भी यह साबित करने के लिए ‘त्याग और बलिदान’ की वही पुरानी घिसी-पिटी रील बजाने लगते हैं।
अरे भाई, देश में पेपर लीक होना, सड़कों का बह जाना और कबाड़ होती स्वास्थ्य व्यवस्था तो छोटी-मोटी बातें हैं। असली ‘नेशनल डिबेट’ तो इस बात पर होनी चाहिए कि 10 जनपथ के किचन में डोसा ज्यादा बनता है या पास्ता!
त्याग का पासपोर्ट और देशभक्ति का वीज़ा
काक-वाणी की चतुर दृष्टि से देखें तो भारतीय राजनीति में ‘अपनापन’ एक अजीब किस्म का वीज़ा है। अगर आप विपक्ष में हैं, तो आपने 50 साल भी इस देश की मिट्टी में गुजार दिए हों, फिर भी आपको ‘विदेशी’ होने का ताना हर चुनाव से ठीक पहले मुफ्त मिलेगा। लेकिन दूसरी तरफ, अगर कोई जालसाज देश की जनता का हज़ारों करोड़ रुपया लूटकर विदेश भाग जाए, तो वह ‘अपना देशी भाई’ ही कहलाता है, क्योंकि कम से कम उसका पासपोर्ट तो भारतीय था!
काक-वाणी का मुआयना
नेताओं और मीडिया को ‘काक-वाणी’ का एक मुफ्त सुझाव है। क्यों न चुनाव आयोग एक ‘अपनापन जांच मशीन’ ही बना दे? हर नेता की छाती चीर कर देखा जाए कि अंदर से ‘मेड इन इंडिया’ निकलता है या ‘इंपोर्टेड’। तब तक के लिए, देश की भोली जनता को प्राइम टाइम पर ‘अपनेपन की इस राष्ट्रीय जंग’ का आनंद लेना चाहिए, क्योंकि देश की समस्याएं हल हों न हों, टीवी चैनलों की दुकानें इसी मसाले से चलती हैं!
संदर्भ मुख्य समाचार: यहाँ देखें